पेरिस, 11 मई (आईएएनएस)। फ्रांस के निवर्तमान राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने बुधवार को कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री बर्नार्ड काजेन्युऐव के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने ‘एलिसी पैलेस’ से जारी एक बयान के हवाले से कहा है, “मैं गणतंत्र की परंपरा के अनुसार और संवैधानिक परिषद द्वारा राष्ट्रपति चुनाव के परिणाम की आधिकारिक घोषणा के बाद आपका और आपकी सरकार का इस्तीफा स्वीकार करता हूं।”
ओलांद ने नई कैबिनेट का गठन होने तक वर्तमान सरकार से अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने की अपील की।
संवैधानिक परिषद द्वारा सात मई को हुए राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे दौर के परिणामों की पुष्टि किए जाने के बाद काजेन्युऐव सरकार ने अपना इस्तीफा सौंप दिया। चुनाव में मध्यमार्गी उम्मीदवार इमैनुएल मैक्रों ने फ्रांस के आधुनिक इतिहास में सबसे युवा राष्ट्रपति के रूप में जीत दर्ज कर इतिहास रचा है। उन्होंने धुर दक्षिणपंथी उम्मीदवार मरीन ले पेन को हराया। फ्रांस के नए राष्ट्रपति के रूप में मैक्रों 14 मई को शपथ लेंगे।
dharmpath.com dharmpath