पेरिस, 6 दिसम्बर (आईएएनएस)। फ्रांस के लोगों ने 13 नवम्बर को पेरिस में हुए घातक हमलों के बाद पहली बार हुए स्थानीय चुनावों में रविवार को मतदान किया। हमले में 130 लोग मारे गए थे।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, जनमत सर्वेक्षण बताते हैं कि धुर दक्षिणपंथी नेशनल फ्रंट (एफएन) का पलड़ा भारी रहेगा।
एफएन के नेता मरीन ले पेन के उत्तरी क्षेत्र नॉर्ड-पास-डे-कलैस-पिकार्डी से जीतने की संभावना है, जबकि उनकी रिश्तेदार मरियन मरेकल ले पेन दक्षिणी क्षेत्र प्रोवेंस-एल्पेज-कोटे डी अजुर से प्रबल दावेदार हैं।
पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी की अगुवाई वाले उदार दक्षिणपंथी पार्टी के अधिकांश सीटों पर जीतने की संभावना है, जबकि सत्तारूढ़ सोशलिस्ट पार्टी को नुकसान हो सकता है।
पेरिस हमलों के बाद घोषित आपातकाल के हालात में ही यह चुनाव कराए जा रहे हैं। हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने ली थी।
बेल्जियम के अभियोजक कार्यालय ने शुक्रवार को कहा कि पुलिस पेरिस हमले के प्रमुख संदिग्ध बेल्जियम निवासी भगोड़े सलह आब्देसलेम को सहायता देने के मामले में दो अन्य संदिग्धों की भी तलाश कर रही है।
dharmpath.com dharmpath