पेरिस, 12 मई (आईएएनएस)। फ्रांस में एक मत सर्वेक्षण में पाया गया कि देश के मतदाताओं का बहुमत नवनिर्वाचित राष्ट्रपति इमेनुएल मैक्रों द्वारा संसदीय चुनाव के लिए जारी की गई उम्मीदवारों की सूची से संतुष्ट है। संसदीय चुनाव 11 से 18 जून के बीच होने हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, “आरएमसी रेडियो एंड अटलांटिको के हैरिस (मार्केट रिसर्च फर्म) इंटरैक्टिव सर्वे में पाया गया कि चार में से तीन लोगों ने संसदीय सीटों के लिए होने वाले चुनाव में मैक्रों की पार्टी के उम्मीदवारों की प्रोफाइल की प्रशंसा की।”
मैक्रों द्वारा अप्रैल 2016 में गठित ‘रिपब्लिक आन द मूव’ के महासचिव रिचार्ड फेरांड ने कहा कि बुधवार को 428 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया। इनमें 214 महिला प्रत्याशी हैं।
इन नामों में से 52 प्रतिशत उम्मीदवारों के पास किसी भी प्रकार का संसदीय चुनाव का अनुभव नहीं है।
राजनीति में नए लोगों को लाने के साथ मैक्रों की पार्टी ने मुख्यधारा की पार्टियों के नेताओं को भी लुभाने की कोशिश की है। फ्रांस की संसद के निचले सदन नेशनल एसेंबली की 577 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में मैक्रों की पार्टी बहुमत प्राप्त करने की आशा कर रही है।
मध्यमार्गी ‘रिपब्लिक ऑन द मूव’ पार्टी का इस समय सदन में एक भी प्रतिनिधि नहीं है।
मैक्रों ने 7 मई को फ्रांस का राष्ट्रपति चुनाव दक्षिणपंथी उम्मीदवार मरीन ली पेन को हराकर जीता था। उन्हें कुल मतों का 67 फीसदी मिला था।
मैक्रों रविवार को राष्ट्रपति निवास एलिसी पैलेस में शपथ लेंगे।
dharmpath.com dharmpath