फ्रांस में शरणार्थी शिविर आग में जलकर खाक

पेरिस, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। फ्रांस में एक शरणार्थी शिविर दो विरोधी गुटों के झगड़े के कारण लगी आग में जलकर खाक हो गया। पुलिस को उन्हें काबू में करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।

द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार रात को डंकरक्यू शहर के बाहर ग्रैंड सिंथ शिविर में हुए फसाद में तीन लोग घायल हो गए। इस शिविर में करीब 1,200 शरणार्थी रहते हैं।

पुलिस के मुताबिक, फसाद अफगान और कुर्दिश शरणार्थियों के बीच हुआ था।

स्थानीय मीडिया में जारी खबरों के अनुसार, रात को करीब नौ बजे शिविर में आग लग गई थी और दो घंटे के भीतर ही शिविर का काफी हिस्सा जलकर खाक हो गया।

टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार, ग्रैंड सिंथ ‘डॉक्टर्स विदआउट बॉडर्स’ के सहयोग से स्थापित किया गया था और इसे कैलेस का ‘जंगल’ शिविर ध्वस्त कर दिए जाने के बाद सैकड़ों बेघर शरणार्थियों को मानवीय सहायता प्रदान करने के मकसद से स्थापित किया गया था।

इसे मार्च 2016 में खोला गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493