फ्रांस संसदीय चुनाव में मैक्रों की पार्टी को प्रचंड जीत (लीड-1)

पेरिस, 19 जून (आईएएनएस)। फ्रांस में दूसरे दौर के संसदीय चुनाव के बाद राष्ट्रपति इमैन्युएल मैक्रों की पार्टी ने निर्णायक जीत हासिल कर ली है।

फ्रांस के आंतरिक मंत्रालय की घोषणा के अनुसार, रविवार रात को 97 प्रतिशत मतों की गिनती हो चुकी थी, जिसमें मैक्रों की पार्टी ला रिपब्लिक एन मार्शे (एलआरईएम) ने 577 संसदीय नेशनल एसेंबली में 300 सीटें जीती हैं।

सीएनएन के मुताबिक, रविवार को ही हुए मतदान में एलआरईएम की गठबंधन साझीदार मध्यमार्गी मोडेम पार्टी को 41 सीटों पर जीत मिली।

देश में हाल ही में संपन्न राष्ट्रपति चुनाव में मैक्रों की प्रतिद्वंद्वी रहीं धुर दक्षिणपंथी मरीन ली पेन की पार्टी नेशनल फ्रंट (एफएन) को केवल आठ सीटों पर जीत मिली है।

बीबीसी के मुताबिक, मरीन ने पहली बार संसदीय सीट जीती है। वह हेनिन-बीउमोंट का प्रतिनिधित्व करेंगी।

देश में पिछले पांच वर्षो से सत्तारूढ़ कंजरवेटिव पार्टी को केवल 41-49 सीटों पर जीत मिलती दिख रही है।

मैक्रों ने करीब सालभर पहले ही पार्टी का गठन किया था। पार्टी ने 11 जून को हुआ पहले दौर का चुनाव भी जीता है, जिसमें योग्य मतदाताओं के आधे से भी कम लोगों ने मतदान किया था।

सीएनएन के मुताबिक, रविवार को हुए चुनाव में एक बार फिर मत प्रतिशत कम रहा। इस दौरान मत प्रतिशत 35 फीसदी से कुछ ही ज्यादा रहा।

मैक्रों ने पिछले महीने मुख्यधारा की किसी भी पार्टी के समर्थन के बगैर ही राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया था।

एलआरईएम पार्टी की अंतरिम नेता कैथरीन बारबारॉक्स ने कहा कि पार्टी अब देश में बदलाव लाने की दिशा में काम कर सकती है।

फ्रांस के बीएफएमटीवी के मुताबिक, रविवार को हुए चुनाव में 1,000 से अधिक उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493