फ्रेंच ओपन : पहली बार लाल बजरी के बादशाह बने जोकोविक (लीड-1)

पेरिस, 5 जून (आईएएनएस)। विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त पुरुष टेनिस खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविक ने रविवार को ब्रिटेन के एंडी मरे को हराकर साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन का एकल खिताब जीत लिया है। यह लाल बजरी पर खेले जाने वाले इस टूर्नामें में जोकोविक की पहली खिताबी जीत है।

टूर्नामेंट के शीर्ष वरीय खिलाड़ी जोकोविक ने दूसरे वरीय मरे को चार सेट तक खिंचे मुकाबले में 3-6, 6-1, 6-2, 6-4 से हराया। यह मैच तीन घंटे पांच मिनट चलाष साल 2012 में अमेरिकी ओपन और 2013 में विंबलडन खिताब जीत चुके मरे पहली बार इस आयोजन के फाइनल में पहुंचे थे।

दूसरी ओर, जोकोविक ने 2012 के बाद से चौथी बार यहां फाइनल में जगह बनाई थी। जोकोविक को 2012, 2014 और 2015 में हार का सामना करना पड़ा था। इस जीत के साथ जोकोविक ने करियर स्लैम पूरा कर लिया है। वह अब तक सभी चार ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके हैं।

जोकोविक ने सेमीफाइनल में डेमियन थीम को हराया था जबकि मरे ने स्टानसिलास वावरिंका की चुनौती खत्म करते हुए खिताबी मुकाबले में खेलने का हक हासिल किया था।

जोकोविक अब तक अपने करियर में 12 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके हैं। उनके नाम छह आस्ट्रेलियन ओपन, तीन विंबलडन और दो अमेरिकी ओपन खिताब हैं।

जोकोविक एक ही समय में सभी चार खिताब अपने नाम करने वाले 1969 के बाद पहले और कुल तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। साथ ही वह टेनिस इतिहास के अठवें ऐसे स्टार हैं, जिन्होंने करियर स्लैम पूरा किया है।

जोकोविक से पहले अमेरिका के डान बज और रॉड लेवर ने इससे पहले एक वक्त पर चारों ग्रैंड स्लैम खिताब अपने पास रखा था।

जोकोविक ने 2013 के विंबलडन फाइनल में मरे के हाथों मिली हार के बाद उनके खिलाफ अपनी श्रेष्ठता साबित की और 14 में से 12 मैच जीते।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493