फ्रैंक इस्लाम को प्राइड आफ इंडिया सम्मान

न्यूयॉर्क, 31 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय मूल के अमेरिकी मुसलमानों की संस्था (एएफएमआई) ने भारतीय मूल के उद्यमी और समाजसेवी फ्रैंक इस्लाम को प्राइड आफ इंडिया सम्मान से नवाजा है।

इंडिया न्यू इंग्लैंड अखबार के मुताबिक न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत दयानेश्वर एम. मुले ने रविवार को इस्लाम को यह सम्मान दिया। इस्लाम ने इसी साल मई में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को 222,000 डालर का चंदा दिया था। उन्होंने इस विश्वविद्यालय में शिक्षा ग्रहण की थी।

इस्लाम ने कहा, “एएफएमआई के प्राइड आफ इंडिया सम्मान को आज रात हासिल करने के लिए यहां होना बड़े गर्व और सौभाग्य की बात है। एएफएमआई के रजत जयंती समारोह को संबोधित करना भी सम्मान की बात है। “

इस्लाम ने कहा, “मुझे कई सम्मान मिल चुके हैं। लेकिन यह बेहद खास है क्योंकि यह इस सम्मानित संस्था के रजत जयंती मनाने के साल में मिला है। मुझे यह कहने दीजिए कि इतनी हस्तियों के बीच इस सम्मान को पाने के बाद मैं खुद को बहुत गर्व में डूबा नहीं महसूस कर रहा हूं। इसने मुझे विनम्र बना दिया है।”

63 साल के इस्लाम का जन्म उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में हुआ था। उनकी पत्नी का नाम डेबी ड्रीजमैन है।

इस्लाम सफल उद्यमी और परोपकार के काम के अलावा नागरिक, शिक्षा और कलात्मक मामलों में खास रुचि रखते हैं। वह एफ-वन इन्वेस्ट ग्रुप के मुखिया हैं। उन्होंने “वर्किं ग द पिवोट प्वाइंट्स : टू मेक अमेरिका वर्क अगेन” और “रिनिविंग द अमेरिकन ड्रीम : अ सिटीजन्स गाइड फार रिस्टोरिंग आवर कंप्टेटिव एडवांटेज” शीर्षक से किताबें भी लिखी हैं।

इस्लाम से पहले गीतकार जावेद अख्तर और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहमान खान को प्राइड आफ इंडिया सम्मान मिल चुका है।

एएफएमआई भारतीय मूल के अमेरिकी मुस्लिमों की संस्था है जो शिक्षा के जरिए भारतीय मुसलमानों को आगे बढ़ाने के काम में लगी हुई है। इसका गठन 1989 में हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493