फ्लोरिडा के नाइटक्लब में गोलीबारी में 2 मरे, 14 घायल (लीड-2)

फोर्ट मायर्स (फ्लोरिडा), 25 जुलाई (आईएएनएस)।फ्लोरिडा के फोर्ट मायर्स स्थित एक नाइटक्लब में किशोरों की एक पार्टी में एक हमलावर ने अंधाधुंध गोलीबारी कर कम से कम दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। हताहतों में अधिकांश किशोर हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

समाचार चैनल एनबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, फोर्ट मायर्स पुलिस विभाग ने कहा कि रविवार रात 12.30 बजे ब्लू बार एंड ग्रिल क्लब के पार्किं ग क्षेत्र में गोलीबारी हुई।

पुलिस विभाग ने एक बयान में कहा, “गोलीबारी में कम से कम 14-16 लोग घायल हुए हैं। कुछ मामूली रूप से घायल हैं, तो कुछ की हालत गंभीर है।”

एनबीसी के मुताबिक बयान में कहा गया है कि हमले में मारे गए दोनों शख्स लड़के हैं।

सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने यह खुलासा नहीं किया है कि हमले के दौरान कितनी गोलियां चलीं, लेकिन जहां गोलीबारी हुई है, वहां 30 जगहों पर निशान लगाए गए हैं।

घटना के सिलसिले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

फेसबुक फ्लायर के माध्यम से नाइटक्लब में रविवार रात एक ‘स्विमसूट ग्लो पार्टी’ का विज्ञापन दिया गया था। फ्लायर में कहा गया था कि पार्टी में प्रवेश करने के लिए किसी पहचान की जरूरत नहीं होगी।

सीएनएन के मुताबिक, फोर्ट मायर्स पुलिस विभाग दो अन्य संबंधित घटनाओं की जांच कर रहा है। इनमें से एक ओर्टिज एवेन्यू है, जहां से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। दूसरा घटनास्थल पार्कवे स्ट्रीट है।

स्थानीय मीडिया डब्ल्यूआईएनके के मुताबिक, पार्कवे स्ट्रीट पर हुई गोलीबारी में गोलियां घरों पर लगीं और एक गोली एक व्यक्ति को छूकर निकल गई।

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी तातियाना नौहाईओई ने कहा कि हालात नियंत्रण में है और सुरक्षाकर्मी मौैजूद हैं।

नौहाईओई ने एबीसी न्यूज से कहा, “किशोरों ने एक कार्यक्रम रखा था। सब बच्चे थे। गोली लगे एक बच्चे को मैंने अपनी गोद में ले रखा था, उसकी उम्र 14 महज साल थी।”

उन्होंने कहा, “13 साल की एक लड़की को भी गोली लगी थी। एक सुरक्षाकर्मी की बेटी को भी गोली लगी है। मेरे हिसाब से वहां 13, 14, 15,16 साल के बच्चे थे। यह किशोरों की एक पार्टी थी।”

12 जून को सुरक्षाकर्मी उमर मतीन (29) ने फ्लोरिडा के ओरलैंडो में एक गे नाइटक्लब पल्स में अंधाधुंध गोलीबारी कर 49 लोगों की जान ले ली थी, जबकि 53 अन्य घायल हो गए थे।

इस हमले को एक आतंकवादी व नफरत के कारण किया गया अपराध करार दिया गया। हमले के कुछ पहले मतीन ने आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के प्रति अपनी निष्ठा जताई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493