बंगाल के निवेशकों को राजस्थान से आमंत्रण

कोलकाता, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के कारोबारियों से मुलाकात की और उन्हें राजस्थान में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया।

राजे ने कहा, “आज मैं यहां आपको आमंत्रित करने के लिए आई हूं कि आप खुद ही राजस्थान के अवसरों को देखिए।”

उल्लेखनीय है कि बंगाल की राजधानी कोलकाता में ऐसे कारोबारियों का एक बड़ा समूह है, जो मूल रूप से राजस्थान के हैं।

राजे ने कहा कि राज्य के आखिरी कारोबारी सम्मेलन में राजस्थान ने निवेशकों के साथ 1.77 लाख करोड़ रुपये के समझौते किए थे।

असल में हालांकि 33 हजार से 40 हजार करोड़ रुपये के समझौतों को ही अमलीजामा पहनाया जा सका। जापान और कोरिया की कंपनियां राज्य में बढ़चढ़ कर निवेश कर रही हैं।

राजे ने कहा कि वाहन, आवास, अवसंरचना, बिजली और नवीकरणीय ऊर्जा तथा पर्यटन महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं, जिनमें निवेश किया जा सकता है।

उन्होंने बताया, “सौर बिजली कंपनियां सौर पैनल लगाने हेतु भूमि के लिए सीधे किसानों से बात कर रही हैं।”

राजे ने कहा कि राजस्थान के शेखावटी क्षेत्र के 6-7 विशेष क्षेत्रों का विकास स्मार्ट शहर के रूप में किया जाएगा। वहां सांस्कृतिक विरासत को संजो कर रखा जाएगा और क्षेत्र को पर्यटन गंतव्य के रूप में पेश किया जाएगा।

राजे ने साथ ही कहा कि कोलकाता के कारोबारी जूट के अन्य उपयोग के बारे में सोच सकते हैं और राजस्थान उन्हें इस उद्योग को फिर से खड़ा करने में मदद कर सकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493