बगदाद, 30 मई (आईएएनएस)। इराक की राजधानी बगदाद के भीड़ भरे इलाके में मंगलवार को एक कार बम विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, आंतरिक मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि यह हमला टिगरिस नदी के पार मध्य बगदाद में अल-शुहदा पुल के पास भीड़ भरे चौराहे के पास कार में विस्फोट कर किया गया।
सूत्रों ने कहा कि विस्फोट से आसपास खड़ी कारों और कई दुकानों व भवनों को नुकसान पहुंचा है।
अब तक किसी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन ज्यादातर इस तरह के हमलों के लिए आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट (आईएस) को जिम्मेदार माना जाता रहा है।
यह हमला आईएस द्वारा सोमवार को बगदाद के एक आईसक्रीम पार्लर में किए गए एक आत्मघाती कार बम विस्फोट के बाद किया गया है। इस हमले में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 75 अन्य घायल हो गए थे।
ये दोनों हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब इराकी बल आईएस विरोधी अंतर्राष्ट्रीय संगठन के समर्थन से उत्तरी इराक में मोसुल के पश्चिमी क्षेत्र से आईएस को खदेड़ने के लिए बड़ा अभियान चला रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath