मुंबई, 20 जनवरी (आईएएनएस)। टेलीविजन धारावाहिक ‘बढ़ो बहू’ में ‘दंगल’ ट्विस्ट देखने को मिलेगा, इसमें मुख्य भूमिका निभा रहीं रिताश राठौर पहलवान बनने की होड़ में जुटेंगी।
‘दंगल’ में जिस तरह सुपरस्टार आमिर खान अपनी बेटियों को पहलवानी के लिए प्रेरित करते हैं, उसी तरह रघुवीर सिंह अहलावत की भूमिका निभा रहे अभिनेता पंकज धीर भी बढ़ो को पहलवानी के लिए प्रेरित करेंगे।
अभिनेता पकंज ने कहा, “मैंने इस शो के लिए इसलिए हामी भरी थी क्योंकि जो कहानी मुझे सुनाई गई, वह प्रगतिशील कहानी है और मैं खुश हूं कि निर्माता इसे आगे बढ़ा रहे हैं। यह जानना अच्छा था कि दर्शकों को फिल्म ‘दंगल’ पसंद आई और अब बढ़ो को कुश्ती के मैदान में देखेंगे।”
रिताश ने कहा, “यह शो वहां पहुंच गया है, जिसका मैं काफी समय से इंतजार कर रही थी। मैंने कहानी सुनी थी कि बढ़ो की जिंदगी में काफी उतार-चढ़ाव आएंगे और आखिरकार उसने खुद को साबित करने का फैसला लिया है, न सिर्फ पति बल्कि सभी के लिए। ‘दंगल’ में जिस तरह आमिर अपनी बेटियों को प्रशिक्षित करते हैं उसी तरह शो में मेरे श्वसुर की भूमिका निभा रहे पंकज मुझे प्रशिक्षित करेंगे।”
धारावाहिक में बढ़ो के पति लकी की भूमिका निभा रहे प्रिंस नरूला बढ़ो के किरदार में आए बदलाव से काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “रिताशा आत्मविश्वास से भरपूर लड़की व एक शानदार अभिनेत्री है। किरदार पर उनकी मजबूत पकड़ है।”
‘बढ़ो बहू’ का प्रसारण टेलीविजन चैनल एंडटीवी पर होता है।
dharmpath.com dharmpath