बतौर अभिनेत्री मैं कोई भी भूमिका निभा सकती हूं : अनुष्का शर्मा

मुंबई, 7 फरवरी (आईएएनएस)। फिल्मों में प्यार में धोखा खाई लड़की से लेकर रेसलर तक का किरदार निभा चुकीं अभिनेत्री अनुष्का शर्मा का कहना है कि अग उन्हें सही अवसर मिलता रहे तो वह कोई भी किरदार निभा सकती हैं।

अनुष्का ने कहा, “बतौर अभिनेत्री, मुझे लगता है कि मैं कोई भी किरदार निभा सकती हूं, लेकिन यह मिलने वाले अवसर पर निर्भर करता है। मैं इस मामले में खुशकिस्मत हूं। मुझे ऐसे अवसर मिले हैं और मैंने विभिन्न किरदार निभाए हैं। लोगों ने उन भूमिकाओं को पसंद किया है, मुझे लगता है यह बात ज्यादा मायने रखती है।”

अभिनेत्री कहती हैं कि बतौर कलाकार विविधतापूर्ण किरदार निभाने की लगातार कोशिश की जाती है क्योंकि अंत में लोगों को सिर्फ उन किरदारों से प्रभावित किया जा सकता है। कलाकार द्वारा निभाए गए चरित्र को दर्शक चाहने लगते हैं।

अभिनेत्री के घरेलू बैनर तले बनी पहली फिल्म ‘एनएच-10’ थी और अब वह ‘फिल्लौरी’ लेकर आ रही हैं। इस फिल्म में वह भूत के किरदार में नजर आएंगी।

फिल्म की अनोखी कहानी का चयन करने के बारे में पूछे जाने पर अनुष्का ने बताया कि इस कहानी का विचार उनके भाई (करनेश शर्मा) की वजह से आया और वह भी नए अंदाज से कहानी दिखाना चाहती थीं।

अभिनेत्री के मुताबिक, ‘फिल्लौरी’ के ट्रेलर को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही हैं। उन्होंने ईमानदारी से अपनी भूमिका निभाने की कोशिश की है।

फिल्म में दिलजीत दोसांझ, मेहरीन पीरजादा और सूरज शर्मा भी हैं। यह फिल्म 24 मार्च को रिलीज होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493