बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेलों के बहिष्कार सम्बंधी रनिंदर के बयान से इत्तेफाक नहीं रखता आईओए

नई दिल्ली, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने गुरुवार को साफ कर दिया कि 2022 राष्ट्रमंडल खेलों के बहिष्कार के सम्बंध सरकार से अपील करने सम्बंधी भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के अध्यक्ष रनिंदर सिंह के बयान से वह इत्तेफाक नहीं रखते।

बत्रा ने राजधानी दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक संघ (आईओसी) के अध्यक्ष थॉमस बाक के भारत दौरे पर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही। बत्रा ने क हा कि रनिंदर की ओर से उठाया जा रहा यह कदम काफी बड़ा है और ऐसा होना सम्भव नहीं है।

उल्लेखनीय है कि बर्मिघम की आयोजन समिति ने निशानेबाजी को 22वें राष्ट्रमंडल खेलों को हटाने का फैसला किया है। भारतीय निशानेबाजों के साथ बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में शामिल रनिंदर ने यह भी कहा था कि वह इस मुद्दे को बाक के सामने भी उठाएंगे और सरकार से 2022 राष्ट्रमंडल खेलों का बहिष्कार करने की अपील करेंगे।

इस पर नरिंदर ने कहा, “मैं जिस सीट पर बैठा हूं और रनिंदर जहां हैं, उसमें काफी अंतर है। रनिंदर किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने के लिए आजाद हैं। इसमें इसके एथलीट सरकार और कई सारी चीजें जुड़ी हुई हैं। 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी को शामिल नहीं करने का मुद्दा उठाना ठीक है, लेकिन राष्ट्रमंडल खेलों का बहिष्कार करने से कोई बात सुलझेगी नहीं। वह जो कदम उठा रहे हैं, वह बहुत बड़ा कदम है लेकिन जमीनी स्तर पर ऐसा सम्भव नहीं।”

बाक ने इस पर अपने बयान में कहा, “यह मुद्दा राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़ा है। इससे आईओसी बिल्कुल अलग है। हम पूरी तरह से गैर-सरकारी संगठन हैं। मैं अपने बयान में केवल यहीं कहूंगा कि आईओसी का निशानेबाजी जैसे खेल को ओलम्पिक खेलों से हटाने का कोई इरादा नहीं है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493