मेरठ, 14 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के बुढ़ाना विधानसभा से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रत्याशी मोहम्मद आरिफ जौला का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने राजनीतिक कारणों या फिर लूट के इरादे से उनके अपहरण की आशंका जताई है।
बसपा प्रत्याशी को ढूंढ़ने के लिए क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की 10 से ज्यादा टीमें जुटी हुई हैं। ड्रोन कैमरे से भी पुलिस जंगलों में खाक छान रही है।
मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जे. रविंदर गौड़ ने कहा कि जिले के 10 से अधिक खोज दल मोहम्मद आरिफ की तलाश कर रहे हैं। संदेह के घेरे में आए करीब 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, शासन को पूरे मामले की पल-पल की जानकारी दी जा रही है।
गौरतलब है कि मंगलवार को कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र से अगवा किए गए बसपा प्रत्याशी मोहम्मद आरिफ की तलाश के लिए मेरठ पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है।
आईजी सुजीत पांडेय और एसएसपी जे. रविंदर गौड़ ने घटनास्थल पर पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ काफी देर तक बातचीत की। इसके बाद आईजी और एसएसपी ने पुलिस लाइन में क्राइम ब्रांच, जोनल क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की टीमों को भी आरिफ को तलाश करने के लिए लगा दिया।
बसपा नेता की कंकरखेड़ा बाईपास पर मिली स्कार्पियो गाड़ी से भी फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस टीमें कई जगहों पर दबिश दे रही हैं।
dharmpath.com dharmpath