ढाका, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। बांग्लादेश दौरे पर चल रही पाकिस्तान टीम को एक और झटका लगा है और उनके तेज गेंदबाज एहसान आदिल चोटिल होने के कारण एकदिवसीय श्रृंखला से बाहर हो गए हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज से बाहर होने वाले आदिल पाकिस्तान के चौथे खिलाड़ी हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज के पहले मैच में पाकिस्तान को 79 रनों से हार झेलनी पड़ी।
बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान की यह हार 48 मैचों और 16 वर्षो में दूसरी हार रही।
श्रृंखला शुरू होने से पहले ही पाकिस्तान की विश्व कप टीम का हिस्सा रहे सोहैब मकसूद और सोहैल खान बाहर हो गए थे, जबकि पहले मैच से एक दिन पहले गुरुवार को स्पिन गेंदबाज यासिर शाह भी हाथ में लगी चोट के चलते स्वदेश लौट गए।
आदिल की जगह टीम में अनुभवी तेज गेंदबाज उमर गुल को शामिल किया गया है।
दोनों टीमों के बीच अब दूसरा एकदिवसीय रविवार को खेला जाएगा।
बांग्लादेश के लिए पहले मैच में सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल और मुशफिकुर रहीम ने शतकीय पारियां खेली थीं और बांग्लादेश की ओर से किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी निभाई थी।
तमीम और मुशफिकुर ने तीसरे विकेट के लिए 178 रन जोड़े थे।
dharmpath.com dharmpath