ढाका, 18 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश पुलिस ने चुआदांगा जिले के एक गांव में बुजुर्ग बाउल गायकों पर हमले के सिलसिले में सोमवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने कहा कि बदमाशों ने रविवार सुबह दो महिलाओं सहित तीन बाउल गायकों पर लोहे की रॉड से हमला किया।
बीडीन्यूज24 डॉट कॉम की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों की पहचान अरीफुल इस्लाम (22), शाहिद अली (30) तथा जमात अली (40) के रूप में हुई है।
एक पीड़िता बुलू बेगम ने संवाददाताओं से कहा कि सात से आठ लोग जबरदस्ती अखाड़ा (जहां बाउल रहते हैं) में घुसे और उन पर लोहे की रॉड से हमला किया।
उन्होंने कहा, “विभिन्न इलाकों से बाउल इस अखाड़े में आते हैं।” उन्होंने कहा कि वे हमलावरों को नहीं पहचान सके।
स्थानीय पुलिस प्रभारी हुमायूं कबीर ने कहा कि अखाड़ा के मालिक शहीदुल इस्लाम ने रविवार रात पुलिस में सात से आठ लोगों के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया और उसी रात तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पीड़ितों की पहचान अब्दुर रहीम (65), उनकी पत्नी बुलू बेगम (50) तथा रशीदा खातून (45) के रूप में हुई है।
रहीम व उनकी पत्नी पश्चिमी बांग्लादेश के कुश्तिया जिले से हैं, जबकि रशीदा दक्षिण-पश्चिमी हिस्से से हैं। वे गांव में बाउल की मंडली में शिरकत करने आए थे।
तीनों बुजुर्ग सूफी गायक गंभीर रूप से घायल हुए हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
इसके अलवा, बोक्स मंडल नामक एक अन्य बाउल हमले के बाद से लापता है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि देसी हथियारों से लैस लगभग 12 बदमाशों का एक गिरोह सो रहे बाउलों पर अचानक टूट पड़ा और उन पर अंधाधुंध हमले करने लगा।
पीड़ितों की चीखें सुनकर ग्रामीणों के वहां पहुंचने के बाद बदमाश घटनास्थल से फरार हो गए।
dharmpath.com dharmpath