संयुक्त राष्ट्र, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने गुरुवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की। दोनों ने क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत की। इस दौरान हिंसक चरमवाद और आतंकवाद से पैदा खतरों के मुद्दे शामिल थे।
मुलाकात न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में हुई। नेतन्याहू यहां संयुक्त राष्ट्र महासभा अधिवेशन में शिरकत करने आए हुए हैं। अधिवेशन गुरुवार को चौथे दिन जारी रहा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, बान के प्रवक्ता ने बताया, “महासचिव ने जेरूशलम समेत पूरे पश्चिमी तट के इलाके में व्याप्त तनाव का जिक्र किया। उन्होंने दोनों ही पक्षों से स्थिति को और बिगड़ने से रोकने का आग्रह किया। इस मामले में उन्होंने धर्मस्थलों की पवित्रता बनाए रखने के प्रधानमंत्री (नेतन्याहू) के सार्वजनिक रूप से किए गए वादे का जिक्र किया।”
प्रवक्ता ने कहा कि बान ने लोगों और वस्तुओं की आवाजाही पर लगी रोक में कुछ ढील देने के इजरायल के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने “प्रधानमंत्री से ऐसे खास नीतिगत बदलाव का आग्रह किया, जिनका फिलिस्तीनी नागरिकों की जिंदगी पर ठोस असर पड़े।”
महासचिव ने यहूदी बस्तियों के निर्माण की सभी गतिविधियों को रोकने का आग्रह किया।
दोनों नेताओं ने शांति वार्ता को फिर से शुरू करने के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श किया।
dharmpath.com dharmpath