वाशिंगटन, 29 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर क्लब चेल्सी के मिडफील्डर सेस्क फाब्रेगास ने स्पेन के शीर्ष क्लब बार्सिलोना की जमकर सराहना की और कहा कि बार्सिलोना दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम है।
चेल्सी और बार्सिलोना इंटरनेशनल चैम्पियंस कप में दोस्ताना मैच खेलने वाले हैं।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक फाब्रेगास ने कहा, “बार्सिलोना के खिलाफ खेलना मजेदार होगा। मैंने वहां कई खूबसूरत वर्ष गुजारे हैं, जो मेरे पेशेवर करियर और निजी जीवन के कुछ सबसे शानदार पल में से रहे। उनके खिलाफ फिर से मैदान में होना अच्छा रहेगा।”
फाब्रेगास ने कहा, “वे दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम हैं, खासकर जब उनके तीनों स्ट्राइकर फॉर्म में हों। बर्सिलोना की स्ट्राइकर लाइन में लियोनेल मेसी, नेमार और लुइस सुआरेज की ताकतवर तिकड़ी को मैं नहीं भूल सकता और मेरे जीवन में यह सबसे ताकतवर तिकड़ी है।”
मौजूदा प्रीमियर लीग चैम्पियन और लीग कप चैम्पियन चेल्सी ने मंगलवार को बार्सिलोना के खिलाफ अमेरिकी दौरा पूरा कर लिया। चेल्सी के खिलाफ हालांकि बार्सिलोना अपने दो स्टार खिलाड़ियों मेसी और नेमार के बगैर उतरा था।
dharmpath.com dharmpath