बार्सिलोना, 7 जुलाई (आईएएनएस)। स्पेन के अग्रणी फुटबाल क्लब बार्सिलोना एफसी ने स्पेन के ही एक अन्य क्लब एटलेटिको मेड्रिड के लिए खेलने वाले तुर्की के मिडफील्डर आरदा तुरान से करार होने की पुष्टि की है।
बार्सिलोना ने तुरान से 3.4 करोड़ यूरो एवं 70 लाख यूरो की अतिरिक्त राशि पर पांच सत्र के लिए करार किया है।
बार्सिलोना के अगले अध्यक्ष के लिए 18 जुलाई को होने वाले चुनाव से पहले क्लब का संचालन देख रहे विशेष आयोग ने तुरान के साथ करार में एक विशेष प्रावधान भी रखा है।
इस प्रावधान में बार्सिलोना के अगले अध्यक्ष को तुरान का करार पलटते हुए उन्हें 3.06 करोड़ की राशि पर वापस एटलेटिको को बेच देने का अधिकार दिया गया है।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, तुरान के साथ अगले पांच वर्ष के लिए करार किया गया है।
फीफा द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के अनुसार, बार्सिलोना जनवरी से पहले किसी भी खिलाड़ी के साथ करार नहीं कर सकता। इसका आशय यह है कि तुरान 2016 से पहले आधिकारिक तौर पर बार्सिलोना से नहीं जुड़ सकते।
तुरान ने 10 दिनों पहले कहा था कि वह एटलेटिको छोड़ना चाहते हैं। तुरान ने एटलेटिको के साथ बिताए चार वर्षो में 178 मैच खेले और 22 गोल दागे।
dharmpath.com dharmpath