बार्सिलोना, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। स्पेन के फुटबाल क्लब बार्सिलोना के लिए यह साल काफी अच्छे नतीजों के साथ खत्म हो रहा है। ला लीगा में रियल बेतिस के खिलाफ हुए साल के आखिरी मैच में बार्सिलोना ने बेतिस पर 4-0 से जीत दर्ज की।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार बार्सिलोना और लीग की दूसरी टीम एटलेटिको मेड्रिड के एकसमान 38 अंक हैं, लेकिन बार्सिलोना के एटलेटिको से ज्यादा गोल होने के कारण वह शीर्ष पर बनी हुई है। जबकि एटलेटिको दूसरे नंबर पर कायम है। 36 अंकों के साथ रियल मेड्रिड तीसरे स्थान पर है।
बुधवार को मैच शुरू होने से पहले बार्सिलोना ने जापान में मिली क्लब विश्व कप जीत और मेसी के 500वें मैच का जश्न मनाया।
बार्सिलोना के लिए पहला गोल बेतिस के डिफेंडर ने किया। नेमार की पेनाल्टी किक चूक जाने के बाद गेंद क्लीयर करने के प्रयास में बेतिस के डिफेंडर हीको वेस्टरमैन आत्मघाती गोल कर बैठे।
इसके बाद बार्सिलोना के करिश्माई स्ट्राइकर मेसी ने 33वें मिनट में गोल कर टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया।
माध्यांतर के बाद हुए बार्सिलोना पूरे समय बेतिस पर हावी रहा। उरुग्वे के स्टार स्ट्राइकर लुइस सुआरेज ने दूसरे हाफ में दो गोल कर टीम की जीत पक्की कर दी, साथ ही रियल मेड्रिड के पिछले साल के एक कैलेंडर साल में 178 गोल के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। बार्सिलोना के एक कैलंडर साल में 180 गोल हो गए हैं।
लीग के दूसर मैच में रियल मेड्रिड ने रियल सोसीदाद को 3-1 से हरा दिया। मैच के 19 वें मिनट में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई लेकिन 49वें मिनट में ब्रूमो ने गोल कर सोसीदाद को बराबरी पर ला दिया।
माध्यांतर के बाद 67वें मिनट में रोनाल्डो ने अपना दूसरा गोल दागा और मेड्रिड को फिर से बढ़त दिला दी, जबकि 86वें मिनट में वाज्क्वेज ने मेड्रिड के लिए तीसरा गोल कर जीत पक्की कर दी।
लीग में चौथे स्थान पर काबिज सेल्टा विगो ने एथलेटिक बिलबाओ को हराने में नाकामयाब रही। विगो को एथलेटिक ने 0-1 से हराया।
वहीं सेल्विया ने एस्पानियोल को 2-0 से शिकस्त दी।
dharmpath.com dharmpath