बाली जेल तोड़कर भागने वाला अमेरिकी दोबारा गिरफ्तार

जकार्ता, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। इंडोनेशियाई अधिकारियों ने पिछले सप्ताह बाली की एक जेल से भागे एक अमेरिकी नागरिक को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने नशीले पदार्थ रखने के नियम का उल्लंघन किया था।

32 वर्षीय क्रिश्चियन बेस्ली को पड़ोसी द्वीप लोम्बोक से पकड़ा गया है।

केरोबोकन जेल प्रमुख टोनी नैंगगोलन ने सोमवार को बीबीसी को बताया, “उसे शुक्रवार को लोम्बोक के सेंगगीई समुद्र तट पर एक घर से गिरफ्तार किया गया।”

जेल तोड़कर भागने से पहले, उसके पास से कथित रूप से पांच ग्राम हाशीश युक्त पैकेज पाए जाने पर सजा सुनाई जाने वाली थी। यह स्पष्ट नहीं है कि उसे कितने साल की सजा मिलने वाली थी।

वह अपने एक साथी कैदी के साथ कुख्यात केरोबोकन जेल की दीवार पर चढ़कर भाग गया था, जिसे तुरंत बाद दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया था।

इंडोनेशिया में ड्रग से संबंधित आरोपों पर बहुत सख्त कानून हैं और विदेशियों को अक्सर इसके अंतर्गत गिरफ्तार किया जाता है। मादक पदार्थो की तस्करी के लिए अधिकतम सजा मृत्यु है।

केरोबोकन जेल में क्षमता से तीन गुना अधिक संख्या में कैदी बंद हैं। वर्तमान में 1,300 कैदी बंद हैं। जेल तोड़ना इंडोनेशिया में आम है, क्योंकि यहां की जेलों में भीड़ ज्यादा है पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों का अभाव है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493