मेड्रिड, 24 जुलाई (आईएएनएस)। स्पेन के अग्रणी फुटबाल क्लब रियल मेड्रिड के लिए खेलने वाले लुकास वाज्क्वेज ने क्लब के साथी खिलाड़ी और पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो को इस वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को दिए जाने वाले अवार्ड बालोन डी ऑर का सबसे बड़ा हकदार बताया है।
रियल की आधिकारिक वेबसाइट पर शनिवार को प्रसारित वाज्क्वेज के बयान में कहा गया है, “अभी इस समय मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई संशय है। इसके सबसे बड़े हकदार इस समय रोनाल्डो ही हैं और मुझे पूरी उम्मीद है कि वह फिर से यह अवार्ड जीत लेंगे।”
रियल मेड्रिड की यूईएफए चैम्पियंस लीग खिताब और पुर्तगाल को अपनी कप्तानी में यूरो कप-2016 जिताने वाले रोनाल्डो बालोन डी ऑर की दौड़ में सबसे आगे निकल गए हैं।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, वाज्क्वेज ने कहा कि तीन बार बालोन डी ऑर जीत चुके रोनाल्डो के साथ खेलते हुए मैदान पर सब कुछ आसान लगने लगता है।
dharmpath.com dharmpath