चेन्नई, 28 मार्च (आईएएनएस)। चर्चित फिल्म ‘बाहुबली’ के निर्माता शोबू यार्लागड्डा का कहना है कि यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है कि 63वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में पहली बार एक तेलुगू फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के पुरस्कार से नवाजा गया है।
यार्लागड्डा ने सोमवार को अपने ट्विटर पेज पर लिखा, “63वें राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार जीतना बहुत बड़ी उपलब्धि है। ऐसा करने वाली पहली तेलुगू फिल्म होने की वजह से यह पुरस्कार और खास हो गया है।”
एस.एस. राजामौली निर्देशित ‘बाहुबली’ दो भाइयों के बीच एक साम्राज्य की लड़ाई है।
फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ विजुअल इफेक्ट्स (वीएफएक्स) के लिए भी राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है। इस जीत से खुश यार्लागड्डा ने वीएफएक्स सुपरवाइजर श्रीनिवास मोहन को जमकर सराहा।
प्रभाष, राणा डग्गुबाती, तमन्ना भाटिया और अनुष्का शेट्टी अभिनीत ‘बाहुबली’ ने 600 करोड़ रुपये की जबर्दस्त कमाई की थी।
राजामौली इस वक्त ‘बाहुबली 2’ को फिल्माने में व्यस्त हैं।
dharmpath.com dharmpath