चेन्नई, 23 जुलाई (आईएएनएस)। एस.एस. राजामौली निर्देशित सुपरहिट फिल्म ‘बाहुबली’ के पोस्टर ने दुनिया का सबसे बड़ा पोस्टर होने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसकी घोषणा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने की।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से बुधवार को बताया गया कि यह पोस्टर 27 जून को कोच्चि में ‘बाहुबली’ के ऑडियो लांच के दौरान बनाया गया था।
इतना बड़ा पोस्टर बनाने का यह विचार केरल में ‘बाहुबली’ का वितरण करने वाली कंपनी ग्लोबल युनाइटेड मीडिया का था। पोस्टर का डिजाइन राजामौली ने स्वयं तैयार किया था।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की वेबसाइट के अनुसार, 51,598.21 वर्ग फीट से बड़े इस पोस्टर ने दुनिया के सबसे बड़े पोस्टर होने का रिकॉर्ड बनाने वाले 50687.25 वर्ग फीट के पोस्टर को पीछे छोड़ दिया है।
ग्लोबल युनाइटेड मीडिया के प्रबंध निदेशक प्रेम मेनन ने आईएएनएस को बताया, “आपको रोज ऐसी चीजें करने को नहीं मिलती। इस अद्भुत घटना को संभव बनाने के लिए पूरी टीम को बहुत-बहुत धन्यवाद। फिल्म के निर्माता शोबू यार्लागद्दा, देवीनेनी प्रसाद और निर्देशक राजामौली को विशेष रूप से धन्यवाद।”
‘बाहुबली’ के इस विशाल पोस्टर के पीछे 30 सदस्यीय एक टीम की तीन दिन की दिन-रात की मेहनत छिपी है।
यह फिल्म दुनियाभर में अब तक 350 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है।
dharmpath.com dharmpath