‘बिग बॉस नौ’ के विजेता प्रिंस उतरेंगे अभिनय के मैदान में

मुंबई, 24 जनवरी (आईएएनएस)। ‘एमटीवी रोडीज एक्स 2’ और ‘एमटीवी रोडीज स्प्लिट़्सविला 8’ के बाद ‘बिग बॉस नौ’ के विजेता बनकर रिएलिटी शोज के बेताज बादशाह बन चुके प्रिंस नरूला अब टीवी शो और फिल्मों में अभिनय के मैदान में उतरेंगे।

‘बिग बॉस नौ’ के विजेता घोषित हुए प्रिंस नरूला का कहना है कि उनके पास पहले ही दो शो हैं।

शो जीतने के बाद प्रिंस ने आईएएनएस से कहा, “रिएलिटी शो में सफलता के बाद अब मैं फिल्मों और टीवी में अभिनय करना चाहता हूं। मैंने दो नए शो साइन किए हैं, लेकिन बिग बॉस के कारण मैं इनकी शूटिंग शुरू नहीं कर पाया था। अब जल्द ही इन पर काम करूंगा।”

नरूला ने कहा, “मैं अभी दोनों शो के बारे में ज्यादा नहीं बता सकता, लेकिन दोनों की शूटिंग शीघ्र शुरू होगी और इनके जरिए मैं पहली बार अभिनय के मैदान में उतरूंगा।”

नरूला फिल्मों में भी काम करना चाहते हैं, हालांकि उन्हें अभी तक किसी फिल्म का प्रस्ताव नहीं मिला है।

उन्होंने कहा, “फिल्मों में काम करना मेरा सपना है। मैं बॉलीवुड का हिस्सा बनना चाहता हूं। सलमान खान, अक्षय कुमार और शाहरुख खान अभिनय में मेरे आदर्श हैं और ‘बिग बॉस नौ’ के जरिए मुझे इनसे मिलने का मौका मिला।”

शो में जीती राशि के बारे में नरूला ने कहा, “मैंने 35 लाख रुपये जीते हैं, जिनमें से पांच लाख रुपये सलमान खान के ‘बींग ह्यूमन’ को दान में दे दिए और शेष अपने पिता को दे दिए। वे उनका जो चाहें कर सकते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493