बिल्बाओ ने 31 साल बाद जीता सुपर कप खिताब (लीड-1)

मेड्रिड, 18 अगस्त (आईएएनएस)। एथलेटिक बिल्बाओ एफसी ने स्पेनिश सुपर कप खिताब जीत लिया है। उसने कैम्प नोउ स्टेडियम में सोमवार को खेले गए दूसरे चरण के फाइनल मुकाबले में बार्सिलोना को 1-1 की बराबरी पर रोका।

बिल्बाओ में खेले गए पहले चरण के फाइनल मैच में एथलेटिक क्लब बिल्बाओ ने बार्सिलोना को 4-0 से हराया था। इस तरह उसने 5-1 के कुल अंतर के साथ सुपर कप पर कब्जा किया।

यह बार्सिलोना जैसी अग्रणी टीम के लिए बड़ा झटका है, जिसने 2015 में छह खिताब जीतने का लक्ष्य बनाया था।

बिल्बाओ ने 31 साल के बाद इस खिताब पर कब्जा किया है। यह क्लब स्पेन के बास्क क्षेत्र में जन्मे खिलाड़ियों के साथ ही करार करता है और इस लिहाज से इसकी यह सफलता काफी मायने रखती है।

क्लब ने इससे पहले 1984 में अंतिम बार यह खिताब जीता था। उस समय जेवियर क्वीमेंट टीम के कोच थे।

अब बिल्बाओ ने एर्नेस्टो वाल्वेर्दे की देखरेख में यह प्रतिष्ठित खिताब हासिल किया है। वाल्वेर्दे ने कहा, “हम इसके हकदार थे। हमें पता है कि यह खिताब हमारे और प्रशंसकों के लिए बेहद खास है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493