बिहार के भोजपुर में जुलूस पर पत्थराव के बाद तनाव

आरा, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक धार्मिक जुलूस में पथराव के बाद उत्पन्न तनाव दूसरे दिन भी जारी है। गुरुवार को एक बार फिर लोगों ने सड़कों पर हंगामा किया। इस दौरान लोगों ने एक बस में आग लगा दी और कई दुकानों में तोड़फोड़ की।

पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम दुसाधी बधार में ताजिया जुलूस के दौरान दो गुट आपस में भिड़ गए। इसके बाद दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई। लोगों ने रात में भी छह वाहनों और तीन दुकानों को फूंक दिया था। कई दुकानों में तोड़फोड़ की थी। उपद्रवियों को रोकने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी, तब जाकर लोग शांत हुए थे। पथराव में चार पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं।

इधर, हालात बिगड़ते देख गुरुवार को प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ा दी और उपद्रवियों की धर पकड़ शुरू कर दी। गुरुवार दोपहर तक करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया गया था। पहचान में आए अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी हो रही है ।

शाहाबाद प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक, भोजपुर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक पीरो में डेरा डाले हुए हैं।

भोजपुर के जिलाधिकारी वीरेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में है। अतिरिक्त पुलिस बल को बुला लिया गया है। उन्होंने लोगों से अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

इधर, तनाव के कारण पीरो में सभी दुकानें गुरुवार को बंद हो गई हैं। जिला मुख्यालय और स्थानीय पुलिस की टीम गश्त कर रही है। वाहनों व दुकानों में आगजनी के बाद दोनों गुटों के लोगों में काफी तनाव है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493