पटना, 7 जुलाई (आईएएनएस)। गंगा नदी को निर्मल बनाने की केंद्र सरकार की योजना ‘नमामि गंगे परियोजना’ की शुरुआत गुरुवार को देश के अन्य शहरों के साथ बिहार के चार शहरों में भी हुई। बिहार के हाजीपुर, बक्सर, सोनपुर और भागलपुर में इस योजना की शुरुआत की गई।
सोनपुर के पुल घाट में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूड़ी ने भाग लिया, जबकि हाजीपुर के सीढ़ी घाट में नमामि गंगे की शुरुआत केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की। बक्सर के रामरेखा घाट पर कार्यक्रम की अगुवाई केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अश्विनी चौबे ने किया।
हाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामविलास पासवान ने कहा कि नगर के कौनहारा घाट से पुल घाट तक छह घाटों का प्रथम चरण में 18 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
बक्सर में परियोजना की शुरुआत करते हुए रामकृपाल यादव ने कहा कि ऐसे विकास की योजनाओं पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गंगा को स्वच्छ करना केंद्र सरकार का सपना है। गंगा की धारा को अविरल करना हर व्यक्ति की जिम्मेवारी है।
उन्होंने बताया कि बक्सर में गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में 68 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
सोनपुर के पुलघाट पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री रूड़ी ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार के चौमुखी विकास के लिए कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अगर जमीन दे तो सोनपुर में सबसे बड़ा हवाईअड्डा बन सकता है।
भागलपुर में नामि गंगे परियोजना की शुरुआत भारत सरकार के प्राधिकृत प्रतिनिधि भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून के वैज्ञानिक डॉ. वी.पी. डौनियाल ने किया।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को देश के पांच राज्यों के विभिन्न शहरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना ‘नमामि गंगा’ परियोजना की शरुआत हुई।
dharmpath.com dharmpath