जमुई, 7 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र में गुरुवार को तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की गहरे पानी में डूब जाने से मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, जुबरी गांव के कई बच्चे गांव में स्थित एक तालाब में दोपहर को नहाने गए थे। नहाने के दौरान ही तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए।
सोनो के थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि गहरे पानी में जाने से तीन बच्चों शुभम, रोहित और सत्यम की मौत हो गई। सभी मृतकों की उम्र छह से आठ वर्ष के बीच है। सत्यम और रोहित सगे भाई थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से सभी शवों को तालाब से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath