बिहार में ईद की धूम

पटना, 7 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में राजधानी पटना सहित अन्य क्षेत्रों में भी गुरुवार को अमन और सद्भावना का पर्व ईद-उल-फितर धूमधाम से मनाया जा रहा है। ईदगाहों और मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज अदा की गई।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी गांधी मैदान पहुंचकर नमाजियों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी तथा समाज में प्रेम व सद्भाव बने रहने की कामना की। यहां से मुख्यमंत्री पटना के शहीद पीर अली पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद पीर अली को श्रद्धांजलि दी।

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भी बड़ी संख्या में मुस्लिम संप्रदाय के लोगों ने एकत्र होकर ईद की नमाज अदा की। इस मौके पर बच्चों में खास उत्साह देखा गया।

पटना के प्रसिद्घ खानकाह मजीबिया और इमारत-ए-शरिया में भी नामाजियों ने ईद की नमाज अदा की और एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।

पटना जंक्शन के जामा मस्जिद, दानापुर के ईदगाह, कर्बला मस्जिद, फुलवारीशरीफ, गुलजारबाग के शाही ईदगाह में रमजान के पाक महीने में रोजा रखने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने ईद की नमाज अदा की और एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।

राज्य में भागलुपर, सीवान, किशनगंज, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर बेगूसराय सहित अन्य जिलों में भी सामूहिक नमाज का आयोजन किया गया। इन क्षेत्रों में भी भाईचारे का पर्व ईद मनाया गया।

ईद को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493