नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अखिलेश दास गुप्ता के निधन पर शोक जताया।
अखिलेश दास का बुधवार को लखनऊ में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह आईओए के उपाध्यक्ष भी थे।
आईओए के महासचिव राजीव मेहता ने कहा, “यह हमारे लिए बेहद दुखद है। मैं आईओए की ओर से दास के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति दें।”
बैंडमिंटन के क्षेत्र में दास के योगदान की सराहना करते हुए मेहता ने कहा, “आईओए के उपाध्यक्ष के रूप में उन्होंने देश में खेलों के विकास में अभूतपूर्व योगदान दिया।”
दास उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष भी थे। उन्होंने प्रीमियर बैडमिंटन लीग के चेयरमैन रहने के दौरान इस खेल में अहम योगदान दिया। वह बैडमिंटन एशिया परिसंघ के उपाध्यक्ष भी रहे। साथ ही विश्व बैडमिंटन संघ की कार्यकारी परिषद का भी हिस्सा रहे।
dharmpath.com dharmpath