लंदन, 22 अगस्त (आईएएनएस)। ब्रिटेन के स्टार एथलीट मो फाराह के परफॉर्मेस निदेशक नील ब्लेक को पूरा विश्वास है कि मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन फाराह बीजिंग में चल रहे विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भी दो स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहेंगे।
मो फाराह लंदन ओलम्पिक-2012 में 5,000 और 10,000 मीटर स्पर्धा के चैम्पियन बनकर उभरे और उसके बाद मास्को में हुए विश्व चैम्पियनशिप-2013 में भी दोनों स्पर्धाओं के चैम्पियन रहे।
मो फाराह अब लगातार दूसरे विश्व चैम्पियनशिप में दोनों स्पर्धाओं का स्वर्ण जीतकर इतिहास रचना चाहते हैं।
समाचार पत्र ‘द इंडिपेंडेंट’ ने ब्लेक के हवाले से कहा, “वह शानदार लय में है और अच्छी गति के साथ दौड़ रहा है। पिछली कुछ प्रतियोगिताओं में मिली सफलता के बाद बीजिंग विश्व चैम्पियनशिप के लिए उसका मनोबल काफी ऊंचा है।”
उन्होंने कहा, “वह आत्मविश्वास से भरा हुआ है, जैसा उसे पहले मैंने कभी नहीं देखा। वह प्रशिक्षण के दौरान जैसा प्रदर्शन कर रहा था, उससे हम पूरे आत्मविश्वास में हैं। वह यहां जीत को लेकर विश्वास से भरा हुआ है।”
dharmpath.com dharmpath