बीसीसीआई के मीडिया मैनेजर निशांत अरोड़ा ने इस्तीफा दिया

मुंबई, 6 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मीडिया मैनेजर निशांत अरोड़ा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह कदम सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर गठित प्रशासक समिति (सीओए) द्वारा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष व सचिव के स्टाफ को हटाए जाने के बाद उठाया है।

सीओए ने पिछले सप्ताह बीसीसीआई के दिल्ली कार्यालय को बंद करने का फैसला किया था जिसे बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अनुराग ठाकुर के निर्देश पर खोला गया था। चूंकि निशांत को ठाकुर ने नियुक्त किया था, इसलिए उनका जाना भी तय माना जा रहा था।

निशांत ने 18 महीने तक बीसीसीआई में काम किया। उन्हें बोर्ड का दिल्ली कार्यालय बंद होने के बाद मुंबई स्थानांतरित होने के लिए कहा गया। लेकिन, निशांत ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया और रविवार शाम अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

अपने इस्तीफे पर आईएएनएस से बातचीत में निशांत ने कहा कि उनसे दिल्ली छोड़कर मुंबई जाने को कहा गया था और इसी कारण उन्होंने पद छोड़ दिया।

निशांत ने कहा, “पारिवारिक कारणों से मैं मुंबई नहीं जा सकता।”

शीर्ष अदालत ने लोढ़ा समिति की सिफारिशें लागू करने में असमर्थ रहने के बाद ठाकुर और बीसीसीआई के पूर्व सचिव अजय शिर्के को पद से हटा दिया था।

इसके बाद अदालत ने चार सदस्यीय समिति बनाई जिसका मुखिया पूर्व नियंत्रक एवं महलेखा परीक्षक विनोद राय को बनाया गया। यह समिति बोर्ड का कामकाज देखेगी।

राय के अलावा इस समिति में भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान डायना इडुल्जी, इतिहासकार रामचंद्र गुहा और आईडीएफसी के मुखिया विक्रम लिमये शामिल हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493