बीसीसीआई ने की भारतीय टीम की सराहना

मुंबई, 31 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रविवार को आस्ट्रेलिया के तीन मैचों की टी-20 श्रृंखला में 3-0 से हराने वाली भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी।

भारतीय बल्लेबाजों ने शेन वाट्सन के 124 रनों की दमदार पारी को किनारे लगाते हुए रविवार को सिडनी क्रिकेट मैदान पर हुए तीसरे मैच में 197 रनों का विशाल स्कोर आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया।

वाटसन के शतक की बदौलत आस्ट्रेलियाई टीम ने भारत के सामने जीत के लिए 198 रनों का लक्ष्य रखा था, लेकिन भारतीय टीम ने शिखर धवन (26), रोहित शर्मा (52), विराट कोहली (50) और सुरेश रैना (नाबाद 49) की बेहतरीन बल्लेबाजी के बल पर निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट खोकर 200 रन बना डाले और तीन विकेट से जीत हासिल कर ली।

महेंद्र सिंह धौनी की कप्तानी में भारतीय टीम इससे पहले एडिलेड ओवल और मेलबर्न में हुए दोनों मैच भी जीतने में सफल रही थी।

बीसीसीआई के अध्यक्ष शशांक मनोहर ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “आस्ट्रेलिया को सीरीज में 3-0 से हराने वाली भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। मैं भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी और पूरी टीम को दिल से बधाई देता हूं। उन्होंने पूरे देश का मान बढ़ाया है।”

उन्होंने आगे कहा, “आस्ट्रेलिया का सूपड़ा साफ कर भारतीय टीम अब विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गई। यह जीत भारतीय टीम को इसी वर्ष मार्च में होने वाले आईसीसी टी-20 विश्व कप में भी भारतीय टीम का हौसला बढ़ाने वाला साबित होगी।”

बीसीसीआई के सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा, “भारतीय टीम ने क्रिकेट के उम्दा खेल का प्रदर्शन किया और आस्ट्रेलिया को उन्हीं के घर में सीरीज में 3-0 से हराया। न सिर्फ उन्होंने श्रृंखला पर कब्जा किया, बल्कि विश्व रैंकिंग में भी शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493