नई दिल्ली, 8 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला में 3-0 से मिली जीत पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारतीय टीम को दो करोड़ रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की।
बीसीसीआई ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी।
ट्वीट में कहा गया है, “भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3-0 से श्रृंखला जीतने पर बोर्ड टीम को दो करोड़ रुपये इनाम के तौर पर देने की घोषण करता है।”
भारत ने दक्षिण अफ्रीका को सोमवार को समाप्त हुए चौथे और आखिरी टेस्ट में 337 रनों से मात देकर रन अंतर के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
इससे पहले भारत ने मोहाली में हुआ पहला टेस्ट 108 रन से जीता था, जबकि बेंगलुरू में हुआ दूसरा टेस्ट बारिश के कारण ड्रॉ पर समाप्त हुआ। नागपुर में हुए तीसरे टेस्ट में भारतीय टीम ने मेहमानों को 124 रन से मात दी थी।
यह श्रृंखला जीतने के बाद भारतीय टीम आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में दूसरे पायदान पर पहुंच गई, जबकि श्रृंखला गंवाने के बावजूद दक्षिण अफ्रीका पहले पायदान पर कायम है।
dharmpath.com dharmpath