बीसीसीआई ने श्रृंखला जीतने पर भारतीय टीम को दी बधाई

मुंबई, 14 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रविवार को भारतीय क्रिकेट टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ चार मैचों की श्रृंखला में विजयी बढ़त हासिल करने पर बधाई दी।

भारत ने सेंट लूसिया के डैरेन सामी राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में हुए तीसरे टेस्ट मैच में कैरेबियाई टीम को खेल के पांचवें दिन शनिवार को 237 रनों से हराकर श्रृंखला में 2-0 की विजयी बढ़त हासिल कर ली।

भारतीय टीम ने मैच के आखिरी दिन वेस्टइंडीज के सामने चौथी पारी में 346 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था, लेकिन कैरेबियाई टीम 47.3 ओवरों में 108 रन बनाकर ढेर हो गई।

भारत ने एंटिगा में हुए पहले टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज को 92 रनों से हराया था, जबकि बारिश से बाधित दूसरा मैच वेस्टइंडीज ड्रॉ कराने में सफल रहा था।

अब दोनों टीमें पोर्ट ऑफ स्पेन में 18 से 22 अगस्त के बीच चौथा और श्रृंखला का आखिरी मैच खेलेंगी।

बीसीसीआई के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने भारतीय टीम, कप्तान विराट कोहली और मुख्य कोच अनिल कुंबले की सराहना की।

बीसीसीआई की ओर से जारी एक बयान में अनुराग ने कहा, “समस्त भारतीय क्रिकेट समुदाय की ओर से मैं वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में जीत हासिल करने के लिए भारतीय टीम को बधाई देता हूं। यह भारतीय टीम के समर्पित प्रयास का परिणाम है, जिसके बल पर श्रृंखला में उन्हें विजय मिली है। मैं विराट कोहली और अनिल कुंबले को भी इस जीत के लिए बधाई देता हूं।”

भारत की ओर से तीसरे टेस्ट मैच की चौथी पारी में मोहम्मद समी ने तीन और ईशांत शर्मा तथा रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट चटकाए। भुवनेश्वर कुमार और रविचंद्रन अश्विन को एक-एक विकेट मिला।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493