कोलकाता, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष जगमोहन डालमिया ने मंगलवार को कहा कि भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए बीसीसीआई अपनी भ्रष्टाचार-रोधी इकाई में किसी अनुभवी एवं प्रतिष्ठित हस्ती को सलाहकार के तौर पर नियुक्त कर सकता है।
डालमिया ने कहा कि बीसीसीआई फर्जीवाड़ा एवं भ्रष्टाचार को बिल्कुल सहन नहीं करेगी, साथ ही डालमिया ने क्रिकेट को पाक-साफ रखने के लिए हर प्रयास किए जाने पर भी बल दिया।
डालमिया ने कहा, “बीसीसीआई में पहले से ही एक पूर्ण विकसित भ्रष्टाचार रोधी इकाई है। हालांकि इसे और मजबूत बनाने के लिए, खासकर आईपीएल से जुड़े मामलों के संबंध में, किसी अनुभवी एवं प्रतिष्ठा प्राप्त व्यक्ति को, जिसे खेल भ्रष्टाचार में चुनौतीपूर्ण मामलों की जांच का अनुभव हो, इस इकाई में सलाहकार के तौर पर नियुक्त किए जाने की अपेक्षा की जा रही है।”
डालमिया ने अपने बयान में आगे कहा, “बीसीसीआई का भ्रष्टाचार को जरा भी बर्दाश्त नहीं करने वाला रुख है। अंतत: क्रिकेट को पूरी तरह पाक-साफ रखने के लिए हर प्रयास किए जाने की जरूरत है।”
dharmpath.com dharmpath