बुजुम्बुरा, 25 मई (आईएएनएस)। अफ्रीकी देश बुरुं डी की विपक्षी पार्टी यूनियन फॉर पीस एंड डेमोक्रेसी (यूपीडी-जिगामिबांगा) ने सरकार से मांग की है कि उसके नेता जेदी फेरुजी की हत्या के मामले की स्वतंत्र जांच कराई जाए। फेरुजी की शनिवार को बजुम्बरा स्थित उनके घर के पास गोली मारकर हत्या करदी गई थी। सोमवार को मीडिया रपट में इस बात की जानकारी दी गई।
पार्टी के अंतरिम नेता चौविनो मुरवेन्गेजो ने रविवार को एक बयान में कहा, “यूपीडी-जिगामिबांगा बुरुं डी की सरकार से मांग करती है कि वह इस भयावह हत्याकांड की स्वतंत्र जांच कराए, ताकि असली अपराधियों की पहचान की जा सके और बुरुं डी में बढ़ती हिंसा को रोका जा सके।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से बुरुं डी के संकट का समाधान खोजने के लिए और अधिक हस्तक्षेप का आग्रह किया।
बुरुं डी के उप-पुलिस प्रवक्ता पिएरे कुरीकिए ने रविवार को कहा था कि विपक्षी नेता की हत्या के मामले की जांच शुरू की जा चुकी है।
उन्होंने उन आरोपों का खंडन किया जिसमें कहा गया है कि फेरुजी की हत्या सुरक्षा बलों ने की। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हत्या के समय कोई भी पुलिस अधिकारी घटनास्थल के आस-पास मौजूद नहीं था।
फेरुजी की हत्या को राष्ट्रपति पियरे कुरुनजिजा के तीसरी बार चुनाव में खड़े होने के खिलाफ बुरुं डी में राजनीतिक ध्रुवीकरण और चरमपंथ के उभार के कारण बने माहौल का नतीजा माना जा रहा है।
यूपीडी-जिगामिबांगा के मुताबिक, 26 जून को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में कुरुनजिजा की दावेदारी अवैध है।
dharmpath.com dharmpath