बेंगलुरू, 30 जून (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की फ्रेंचाइजी-बेंगलुरू एफसी ने अपने कप्तान सुनील छेत्री और उदांता सिंह के साथ करार को तीन साल तक के लिए बढ़ा दिया है। यह दोनों खिलाड़ी 2019-20 तक क्लब के साथ ही रहेंगे।
क्लब ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी दी।
इसके साथ ही बेंगलुरू एफसी ने आईएसएल के 21 साल से ज्यादा के दो खिलाड़ियों को बनाए रखने के नियम का इस्तेमाल कर लिया है।
क्लब के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पार्थ जिंदल ने एक बयान में कहा, “हम भारत के वर्तमान और भविष्य के दो शानदार खिलाड़ियों सुनील छेत्री और उदांता सिंह के साथ करार को आगे बढ़ाने से खुश हैं। यह दोनों खिलाड़ी टीम के अहम सदस्य हैं और आने वाले चुनौतीपूर्ण सत्र में दोनों टीम को आगे ले जाएंगे।”
छेत्री पिछले चार सत्र से बेंगलुरू के साथ ही हैं जबकि उदांता 2014-15 से टीम के साथ हैं।
उदांता ने कहा, “मैंने हमेशा से कहा है कि बेंगलुरू एफसी मेरे दिल के काफी करीब है। मैं क्लब के साथ तीन साल का करार करते हुए बेहद खुश हूं।”
छेत्री ने कहा, “बेंगलुरू एफसी के प्रशंसकों ने हमेशा से मुझे प्यार और सम्मान दिया है। मैं एक बार फिर क्लब के लिए खेलने से खुश हूं।”
dharmpath.com dharmpath