बेंगलुरू टी-20 : भारत ने इंग्लैंड को 75 रन से हरा जीती श्रृंखला

बेंगलुरू, 1 फरवरी (आईएएनएस)। भारत ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए तीसरे निर्णायक टी-20 मुकाबले में बुधवार को इंग्लैंड को 75 रनों से हरा तीन मैचों की श्रृंखला 2-1 से अपने नाम कर ली।

भारत से मिले 203 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड टीम 16.1 ओवरों में 127 रन बनाकर ढेर हो गई।

भारत के लिए युजवेंद्र चहल ने अपने चार ओवरों के कोटे में 25 रन देकर छह विकेट चटकाए।

इंग्लैंड एक समय 13 ओवरों में दो विकेट पर 117 रन बनाकर मजबूत स्थिति में नजर आ रहा था। लेकिन 14वें ओवर में चहल ने लगातार दो गेंदों पर इयान मोर्गन (40) और जोए रूट (42) के विकेट चटकाकर मैच का रुख ही पलट दिया।

इंग्लैंड के आखिरी आठ विकेट मात्र आठ रन जोड़ने में 18 गेंद के भीतर गिर गए।

चहल के अलावा जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट चटकाकर जीत में अहम भूमिका निभाई।

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने महेंद्र सिंह धौनी (56) और सुरेश रैना (63) की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाए।

सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल ने दो चौके और एक छक्के की मदद से 22 और युवराज सिंह ने एक चौका और तीन छक्के लगाते हुए 27 रनों की पारी खेली।

इंग्लैंड के लिए प्लंकेट, स्टोक्स, मिल्स और जोर्डन ने एक-एक विकेट लिए। दो बल्लेबाज रन आउट हुए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493