बेंगलुरू, 17 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच एम. ए. चिन्नास्वामी स्टेडियम में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन मंगलवार को मौसम तो खुल गया, लेकिन भीगे मैदान के कारण अभी मैच शुरू नहीं किया जा सका है।
लगातार सात सत्र बारिश की भेंट चढ़ गए और अपराह्न 1.0 बजे मैदान की जांच के बाद ही मैच अधिकारी खेल शुरू होने के बारे में कोई निर्णय लेंगे।
सुबह किए गए परीक्षण के अनुसार, गेंदबाजों के लिए रनअप क्षेत्र थोड़ा गीला है और स्क्वॉयर लेग को लेकर भी संशय है।
अब तक सिर्फ पहले दिन का खेल हो सका है, जिसमें भारतीय टीम ने पहले गेंदबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 214 रनों पर समेटने के बाद बिना कोई विकेट गंवाए 80 रन बना लिए हैं।
मुरली विजय 28 और शिखर धवन 45 रन बनाकर नाबाद हैं।
दक्षिण अफ्रीका के लिए अपना 100वां मैच खेल रहे अब्राहम डिविलियर्स (85) ने सर्वाधिक योगदान दिया।
भारत के लिए रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा ने चार-चार विकेट चटकाए।
मोहाली में हुआ पहला टेस्ट जीतकर भारत चार मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त हासिल कर चुका है।
dharmpath.com dharmpath