कोलकाता, 11 दिसंबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी टोनी रोचे ने शनिवार को कहा कि कोच बोरिस बेकर के साथ साझेदारी समाप्त होने से विश्व के दूसरी वरीतया प्राप्त नोवाक जोकोविक पर किसी प्रकार का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
युगल वर्ग में 13 बार ग्रैंड स्लेम खिताब जीत चुके रोचे ने यहां जयदीप मुखर्जी टेनिस अकादमी में जारी प्रेमजित लाल इन्विटेशनल टूर्नामेंट के दौरान यह बात कही।
रोचे ने यहां संवाददाताओं को बताया, “मुझे नहीं पता कि यह साझेदारी कैसे समाप्त हुई, लेकिन मुझे लगता है कि इससे जोकोविक पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।”
आस्ट्रेलिया के 71 वर्षीय पूर्व टेनिस खिलाड़ी ने कहा, “जोकोविक एक बेहतरीन चैम्पियन हैं। वह अपने आप को अच्छे लोगों के बीच रखते हैं। उन्हें कोच बेकर से अलग होने पर अधिक फर्क नहीं पड़ेगा।”
ब्रिटेन के स्टार खिलाड़ी एंडी मरे ने इस साल विश्व रैंकिंग में जोकोविक को पछाड़ते हुए शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया।
जीत की लय में वापसी करने वाले अपने पूर्व शिष्य रोजर फेडरर की सराहना करते हुए रोचे ने कहा, “अगर आप अब भी सेमीफाइनल और फाइनल में पहुंचने की क्षमता रखते हैं, तो आप जीत से ज्यादा दूर नहीं हैं।”
रोचे ने कहा कि फेडरर की तेजी अब भी बरकरार है और उनके पास आगे खेलने के अवसर हैं। वह हमेशा अच्छी फार्म में रहते हैं और उन्हें नहीं लगता कि फेडरर के लिए उम्र कोई परेशानी हो सकती है।
अगले साल जोकोविक के फिर से शीर्ष स्थान पर पहुंचने की संभावना के बारे में रोचे ने कहा कि यह एक बड़ा सवाल है। मरे ने इस स्तर पर काफी अच्छी छलांग लगाई है। उन्होंने काफी मजबूत प्रदर्शन कर अपने साल का समापन किया है।
रोचे ने कहा कि 2017 एक नया साल होगा और जोकोविक ने हमेशा मेलबर्न में अच्छा प्रदर्शन किया है। इसलिए, उनका फिर से शीर्ष स्थान पर पहुंचा अच्छी बात होगी।
dharmpath.com dharmpath