कोलकाता, 7 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता श्रीजीत मुखर्जी की फिल्म आगामी फिल्म ‘बेगम जान’ की पहली झलकी जारी हो गई है, जिसमें अभिनेत्री विद्या बालन बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रही हैं।
विद्या ने ट्विटर पर फिल्म की पहली झलकी साझा की है, जिसमें वह कुर्सी पर बैठे एक खास अंदाज में घूरती नजर आ रही हैं। उनके पास एक ओर हुक्का रखा है और हाथों में इसकी पाइप है तो दूसरी ओर राइफल रखी हुई है।
इसे साझा करते हुए विद्या ने ट्विटर पर लिखा है, “आ रही हूं मैं! बेगम जान। पहली झलकी।”
इस फिल्म में विद्या एक वेश्यालय की मालकिन की भूमिका में हैं। यह बंटवारे की पृष्ठभूमि पर बनी श्रीजीत मुखर्जी की बंग्ला फिल्म ‘राजकहिनी’ का हिंदी रूपांतरण है।
फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, इला अरुण, गौहर खान, पल्लवी शारदा, विवेक मुशरान, चंकी पांडे, रिद्धिमा तिवारी और फ्लोरा सैनी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
यह फिल्म 14 अप्रैल को रिलीज होगी।
dharmpath.com dharmpath