बेलिस ने राजकोट टेस्ट को अपने कार्यकाल का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बताया

राजकोट, 14 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के मुख्य कोच ट्रेवर बेलिस ने राजकोट टेस्ट में इंग्लैंड के प्रदर्शन को अपने कार्यकाल के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बताया है।

इंग्लैंड और मेजबान भारत के बीच राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में रविवार को संपन्न हुआ पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा, हालांकि पूरे मैच के दौरान इंग्लैंड की टीम भारत पर हावी रही।

इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने पूरे मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी की और चौथी पारी में उसके गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए भारत के छह विकेट लेकर उन्हें संकट में डाल दिया था।

बेलिस को 2015 में एशेज श्रृंखला से पहले टीम का कोच बनाया गया था। बेलिस विपरीत परिस्थतियों में टीम के शानदार प्रदर्शन से काफी खुश हैं।

वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो ने बेलिस के हवाले से लिखा, “हम जीतें, हारें या मैच ड्रॉ रहे लेकिन मेरा मानना है की यह मेरे कोच बनने के बाद टीम का सबसे अच्छा प्रदर्शन है। हमारे खिलाड़ियों ने इस मैच में जैसा प्रदर्शन किया उससे हमें काफी आत्मविश्वास मिला है। हमारे बल्लेबाजों ने स्पिनरों को अच्छे से खेला और हमारे सभी गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की।”

बेलिस ने कहा, “हम इस बात को जानते हैं कि आने वाले चार टेस्ट हमारे लिए इससे भी मुश्किल होने वाले हैं। लेकिन अगर हम यही प्रदर्शन आगे भी जारी रखते हैं तो हम कुछ मैच जीत भी सकते हैं। इसलिए हमें इस तरह का प्रदर्शन जारी रखना होगा।”

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की श्रृंखला का दूसरा टेस्ट मैच विशाखापट्टनम में 17 नवंबर से खेला जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493