मुंबई, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के एक मैच में रविवार को मुंबई इंडियंस को हराने वाली किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान जॉर्ज बेले ने तेज गेंदबाज संदीप शर्मा की सराहना की।
वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को हुए आईपीएल-8 के सातवें मैच में किंग्स इलेवन ने मुंबई की टीम को 18 रनों से मात दे दी।
मैन ऑफ द मैच तो कप्तान बेले ही रहे, लेकिन संदीप ने चार ओवरों के अपने स्पेल में मात्र 12 रन देकर एक विकेट चटकाया और किंग्स इलेवन की जीत में अहम भूमिका अदा की।
पहले बल्लेबाजी करने उतरे किंग्स इलेवन ने बेले के नाबाद 61 रनों की शानदार पारी के बल पर पांच विकेट पर 177 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
जवाब में मुंबई की टीम हरभजन सिंह की रिकॉर्ड 64 रनों की पारी तथा जगदीशा सुचित (नाबाद 34) के साथ सातवें विकेट के लिए निभाई गई उनकी रिकॉर्ड 100 रनों की साझेदारी के बावजूद निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी।
बेले ने मैच के बाद कहा, “संदीप को तेजी मिलने लगी है। लेकिन उसकी असली ताकत स्विंग में है। वह गेंद को थोड़ी देर से टर्न कराता है, जिससे विकेट मिलने की संभावना बनी रहती है। पिछले संस्करण के आखिर में संदीप के पीठ में परेशानी थी और शायद इसके कारण उन्हें मैदान से भी बाहर रहना पड़ा। लेकिन आराम करने से उन्हें तरोताजा होकर इस बार वापसी करने में मदद मिली।”
बेले ने कहा, “यहां खेलना बेहद रोमांचक है। किंग्स इलेवन की बल्लेबाजी काफी गहरी है और उम्मीद है कि इस बार वे आईपीएल में लंबी दूरी तय करेंगे।”
dharmpath.com dharmpath