ब्रुसेल्स (बेल्जियम), 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। बेल्जियम ने मंगलवार देर रात यहां नीदरलैण्ड्स के खिलाफ एक रोमांचक दोस्ताना मुकाबले में 1-1 से ड्रॉ खेला।
नीदरलैण्ड्स की टीम इस वर्ष रूस में हुए फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने में सफल नहीं हो पाई थी जबकि बेल्जियम टूर्नामेंट में तीसरे स्थान पर रही थी।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, रोबटरे मार्टिनेज का बेल्जियम के मुख्य कोच के रूप में यह 31वां मैच था।
किंग बाउडोन स्टेडियम में 33,000 दर्शकों के सामने मेजबान टीम के लिए मैच का पहला गोल फारवर्ड खिलाड़ी ड्राइस मर्टेस ने चौथे मिनट में किया।
नीरलैण्ड्स की टीम शुरुआत झटके से जल्द ही उबरने में कामयाब रही। 27वें मिनट में अर्नोट ग्रोनवेल्ड ने मेहमान टीम के लिए बराबरी का गोल दागा।
इसके बाद, बेल्जियम ने गेंद पर अधिक नियंत्रण बनाकर अटैक करने पर विश्वास दिखाया।
दोनो टीमों ने मैच में अंत के 15 मिनट में कई आक्रमण किए लेकिन कोई भी गोल करने में कामयाब नहीं हो पाई।
dharmpath.com dharmpath