नोमपेन्ह, 18 अगस्त (आईएएनएस)। थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में बम विस्फोट के बाद कंबोडिया में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस बीच, कंबोडिया के विश्व धरोहर अंगकोर के पास एक बम पाया गया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, कंबोडिया की राष्ट्रीय पुलिस के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल किर्त चनथरिथ ने मंगलवार को कहा, “मैंने सभी नगरपालिकाओं और प्रांतों के पुलिस प्रमुखों से सुरक्षा बढ़ाने को कहा है। उनसे कहा गया है कि सुरक्षा से जुड़ी जानकारियों पर खास ध्यान दिया जाए।”
कंबोडिया के पर्यटन एजेंटों की संस्था के अध्यक्ष आंग किम ईंग ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि बैंकाक के विस्फोट का कोई असर कंबोडिया के पर्यटन पर पड़ेगा। लेकिन, पर्यटकों को कंबोडिया में पूरी तरह महफूज होने का अहसास देने के लिए सुरक्षा बढ़ाना जरूरी है।”
चनथरिथ ने कहा, “पुलिस को मंगलवार सुबह अंगकोर के पास एक बम मिला। हो सकता है कि किसी ने इसे यूं ही यहां फेंक दिया हो या संयोगवश यहां गिर गया हो। लेकिन इतना साफ है कि यहां विस्फोट की कोई योजना नहीं थी। इस मामले की जांच चल रही है।”
dharmpath.com dharmpath