ढाका, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। बैंकाक में एक मंदिर में हुए बम विस्फोट की कथित तौर पर साजिश रचने वाले व्यक्ति ने हमले से एक दिन पहले बांग्लादेश छोड़ दिया था। संदिग्ध को तलाश रही थाईलैंड पुलिस का मानना है कि वह 30 अगस्त को ढाका से भाग गया था।
बैंकाक के एरावन मंदिर में हुए बम विस्फोट में 20 लोगों की मौत हो गई थी और 150 से अधिक लोग घायल हुए थे।
बीडीन्यूज24 की रपट के अनुसार,
बैंकाक में स्थित बांग्लादेश के दूतावास ने शुक्रवार को कहा कि उनके रिकार्ड दर्शाते हैं कि हमले के मास्टरमाइंड को अगस्त के प्रारंभ में ही ‘सभी वैध यात्रा दस्तावेजों’ के आधार पर एक ‘एकल प्रवेश पर्यटक वीजा’ जारी किया गया था और उसने 16 अगस्त को बांग्लादेश में प्रवेश किया था।
बांग्लादेश मिशन ने एक बयान में कहा, “जब तक बांग्लादेश के अधिकारियों को बैंकाक की कानून प्रवर्तन एजेंसियों से जानकारी मिलती, तब तक वह 30 अगस्त को बांग्लादेश से निकल चुका था।”
बयान में यह भी कहा गया है कि मास्टरमाइंड माने जा रहे संदिग्ध के बारे में सभी प्रकार की जानकारी जुटाने के लिए बांग्लादेश बराबर थाईलैंड के साथ मिलकर काम करेगा।
इंटरपोल के अनुसार, बांग्लादेश में कानून प्र्वतन एजेंसियां अभी वर्तमान में इस मामले की छानबीन कर रही हैं और वे सभी प्रकार की जानकारी थाईलैंड के अधिकारियों के साथ साझा करेंगी।
दूतावास का कहना है कि बैंकाक में बम विस्फोट के बाद से ही थाईलैंड से बांग्लादेश की यात्रा करने वालों के लिए पयर्टक वीजा व्यवस्था पर उच्च सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया है।
बैंकाक के अधिकारियों ने इस सप्ताह जानकारी दी कि कथित मास्टरमाइंड चीन के पासपोर्ट पर यात्रा कर रहा था।
इस मामले में दोनों देशों की प्रासंगिक एजेंसियां एक-दूसरे के साथ जानकारी साझा कर रही हैं।
dharmpath.com dharmpath