नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। भारत के पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी बी. साई प्रणीत को गुरुवार को यहां जारी इंडिया ओपन में पुरुष एकल वर्ग के दूसरे दौर में हार का सामना कर बाहर होना पड़ा है।
इसके साथ ही मिश्रित युगल वर्ग में भी भारत को निराशा हाथ लगी है। भारतीय जोड़ी प्रणव जैरी चोपड़ा और एन. सिक्की रेड्डी दूसरे दौर में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
पुरुष एकल वर्ग के दूसरे दौर में चीनी ताइपे के सातवीं वरीय चोउ तिएन चेन ने प्रणीत को 36 मिनट तक चले मुकाबले में सीधे गेम में 21-14, 21-16 से मात देकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
टूर्नामेंट के मिश्रित युगल वर्ग के दूसरे दौर में रूस की इवेगनिज ड्रेमिन और इवेगनिया डिमोवा की जोड़ी ने प्रणव और सिक्की की जोड़ी को 38 मिनट में 21-18, 21-19 से मात देकर बाहर का रास्ता दिखाया।
इसके अलावा, महिला युगल वर्ग में भी भारत को निराशा मिली। स्थानीय जोड़ी श्रुति मुंदादा और अनुष्का पारिख को जापान की तीसरी वरीय जोड़ी नाओको फुकुमान और कुरुमी योनाओ ने 5-21, 10-21 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
dharmpath.com dharmpath