बैडमिंटन : इंडोनेशियन ओपन के दूसरे दौर में पहुंचीं सायना

जकार्ता, 13 जून (आईएएनएस)। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने मंगलवार को इंडोनेशियन ओपन के महिला एकल वर्ग के दूसरे दौर में जगह बना ली।

सायना ने पहले दौर के मैच में थाईलैंड की रात्चानोक इंटानोन को मात देते हुए दूसरे दौर में प्रवेश किया। सायना को जीत हासिल करने के लिए काफी पसीना बहाना पड़ा।

सायना ने इंटानोन को 17-21, 21-18, 21-12 से मात दी। पहला गेम हारने के बाद सायना ने शानदार वापसी की और लगातार दो गेम जीतते हुए दूसरे दौर में प्रवेश किया। यह मुकाबला 57 मिनट तक चला।

दूसरे दौर में सायना का मुकाबला थाईलैंड की ही निटाचोन जिंदापोल से होगा, जिन्होंने कोरिया की किम हयो मिन को 21-16, 21-14 से मात दी।

भारत को मिश्रित युगल में निराशा हाथ लगी है। बी. सुमिथ रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी पहले दौर में ही हार कर बाहर हो गई है। इस जोड़ी को इंडोनेशिया की इरफान फादहिलाह और वेनी अंगरेनी की जोड़ी ने 29 मिनट तक चले मुकाबले में 21-12, 21-9 से मात दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493